शस्य श्यामला भारत भूमि
0
शस्य श्यामला भारत भूमि
(देश भक्ति गीत )
डॉ सुशील शर्मा
आज शहीदों के जीवन को
आओ मिल कर नमन करें।
शस्य श्यामला भारत भूमि
आओ इसको रतन करें।
तिमिर गुलामी का झेला है
अग्नि पथों से गुजर चुका।
ज्योति जागरण नव प्रभात का
संघर्षों में कहाँ रुका।
शस्य श्यामला भारत शतदल
उन्नत मस्तक लिए खड़ा।
अपने वैभव की रक्षा में
सदियों तक अनवरत लड़ा।
शत मधुवन उपवन सा भारत
आओ इसका यजन करें।
आँखों में आँखें डाले हम
दुनिया से बातें करते।
अमन चैन पैगाम हमारा
दुश्मन सीमा पर डरते।
है आज़ाद कंठ आजादी
मिलजुल कर हम रहते हैं।
दुख पीड़ा या खुशियाँ सारी
संग संग हम सहते हैं।
विस्तृत हुईं आज सीमायें
आओ इसको गगन करें।
संघर्षों से हमजोली कर
हम विकास पथ चलते हैं।
तुमुल विजय ध्वनि हृदय भरे
सत्य सुमन मन खिलते हैं।
विजयी विश्व तिरंगा थामे
वीर युवा हैं कर्णधार।
बने वज्र प्राचीर राष्ट्र की
नूतन नवल श्रेष्ठ विचार।
नव स्वतंत्र जन गण मन भारत
आओ इसका भजन करें।

Dedicated to
INDIA
Dedication Summary
I LOVE MY COUNTRY